जमशेदपुर में 28 और 29 अक्टूबर को 12वीं तक के स्कूल बंद, चक्रवात ‘अर्णव’ और भारी बारिश को लेकर प्रशासन का फैसला
जमशेदपुर: चक्रवात ‘अर्णव’ और भारी बारिश की चेतावनी के बीच पूर्वी सिंहभूम जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया गया है। जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में 28 और 29 अक्टूबर 2026 को कक्षा 12वीं तक पठन-पाठन स्थगित रहेगा। जिला प्रशासन ने खराब मौसम की आशंका को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया है।
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रशासन का फैसला
भारत मौसम विज्ञान विभाग, रांची की ओर से झारखंड के विभिन्न जिलों में चक्रवात ‘अर्णव’ और भारी बारिश की आशंका जताई गई है। पूर्वी सिंहभूम जिले को ऑरेंज अलर्ट की श्रेणी में रखते हुए तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। इसी के मद्देनजर प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों में कक्षाएं स्थगित रखने का आदेश जारी किया है।सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा आदेश
प्रशासन के आदेश के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी सरकारी विद्यालयों, गैर सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों, अल्पसंख्यक विद्यालयों और निजी स्कूलों में प्रवेश कक्षा से लेकर 12वीं तक पठन-पाठन 28 और 29 अक्टूबर को बंद रहेगा। हालांकि, जिन निजी विद्यालयों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां परीक्षा आयोजित करने के संबंध में विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर निर्णय ले सकता है।
शिक्षकों को विद्यालय में रहना होगा उपस्थित
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यार्थियों के लिए कक्षाएं स्थगित रहेंगी, लेकिन शिक्षकों और शिक्षिकाओं को विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। यानी स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई बंद रहेगी, जबकि शिक्षकों को अपने निर्धारित कार्यों के लिए उपस्थित रहना होगा।
आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत जारी हुआ आदेश
जिला प्रशासन ने यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत जारी किया है। इसका मुख्य उद्देश्य चक्रवात और खराब मौसम के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा संभावित जोखिमों को कम करना है। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए हैं।

